-
बारिश से उफनाए नाले में बह गए थे परिवार के सात लोग
-
रविवार देर देर रात भुवनेश्वर पहुंचाए गए शव
-
जयदेव विहार में मचा कोहराम
भुवनेश्वर। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में बारिश से उफनाए नाले में बहने से जान गंवाने वाले भुवनेश्वर के एक ही परिवार के सात सदस्यों के शव रविवार देर रात ओडिशा पहुंचाए गए। सोमवार तड़के शवों को पुरी के स्वर्गद्वार ले जाया गया, जहां सभी सातों का अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि भुवनेश्वर के जयदेव विहार के पास आत्माराम बस्ती में रहने वाला परिवार मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास बारिश के कारण उफनाए नाले में बह गया था। हादसे में बनमाली बेहरा के बेटे शिव प्रसाद बेहरा, बेटियां राधारानी और रितारानी, दामाद ज्ञानेंद्र, दो नाती और एक नातिन की मौत हो गई।
तड़के 1.30 बजे भुवनेश्वर पहुंचे शव
मध्य प्रदेश के आगर-मालवा राजस्व विभाग के चार वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस टीम की निगरानी में तीन एंबुलेंस से सभी सात शव ओडिशा लाए गए। शव करीब रात 1.30 बजे भुवनेश्वर पहुंचे। जैसे ही परिवार के सदस्यों के शव पहुंचने की खबर इलाके में फैली, बड़ी संख्या में रिश्तेदार, स्थानीय लोग और पड़ोसी जयदेव विहार तथा परिवार के घर के पास जुट गए।
परिजनों ने शवों के अंतिम संस्कार की तैयारी पहले ही कर ली थी। परिवार के घर के पास सात चिताएं भी तैयार की गई थीं। शवों के पहुंचते ही माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। अपने परिजनों के शव देखकर परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था को नियंत्रित किया।
गडकणा से पुरी ले जाए गए शव
जयदेव विहार में अंतिम दर्शन के बाद सभी सात शवों को तीन शववाहनों से परिवार के पैतृक गांव गडकणा ले जाया गया। वहां रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने दिवंगतों को अंतिम विदाई दी। इसके बाद सभी शवों को पुरी ले जाया गया।
पुरी के स्वर्गद्वार में सातों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। मध्य प्रदेश में हुए दर्दनाक हादसे के बाद जब परिवार के सदस्यों के शव अपने घर और फिर पुरी पहुंचे, तो पूरे घटनाक्रम ने इलाके को शोक में डुबो दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
