Home / Odisha / रिश्वतखोरी की घटना पर राजस्व सचिव ने जताई गहरी चिंता

रिश्वतखोरी की घटना पर राजस्व सचिव ने जताई गहरी चिंता

  •    राजस्व विभाग की छवि बदलने के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी : अरविंद पाढ़ी

  •     विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भावुक पत्र लिखकर भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाने का आह्वान किया

भुवनेश्वर। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी ने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पारदर्शिता, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि राजस्व विभाग के प्रति आम जनता की धारणा बदलने की जरूरत है और यह काम सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है।

विभाग के सभी सहकर्मियों को लिखे एक पत्र में डॉ पाढ़ी ने ओडिशा राजस्व सेवा के एक युवा अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए सतर्कता विभाग द्वारा पकड़े जाने की हालिया घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को गंभीर चेतावनी बताते हुए सभी कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क रहने और लोकसेवा में नैतिकता, ईमानदारी तथा पारदर्शिता के उच्च मानदंड बनाए रखने का आह्वान किया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

राजस्व सचिव ने अपने पत्र में कहा है कि सरकारी सेवा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि आम लोगों की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। किसी एक घटना के आधार पर पूरे विभाग के कामकाज और छवि का आकलन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा कर रहे हैं।

विभाग के प्रशासनिक प्रमुख के रूप में डॉ. पाढ़ी ने स्वयं भी नैतिकता, अनुशासन और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही या समझौते की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने विभाग के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सम्मान, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई। डॉ पाढ़ी ने सभी से मिलकर ऐसा सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करने की अपील की, जहां हर कर्मचारी अपनी क्षमता और योग्यता का बेहतर उपयोग करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके और प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा नागरिक-केंद्रित बनाया जा सके।

अपने संदेश के अंत में राजस्व सचिव ने कहा कि विभाग के प्रति जनता के विश्वास को बनाए रखना और उसकी गरिमा एवं प्रतिष्ठा की रक्षा करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने, मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखने और यह समझने की अपील की कि जनता का विश्वास ही विभाग की सबसे बड़ी पूंजी है।

Share this news

About desk

Check Also

बोरीगुमा में सरसों और तोरिया बीज वितरण एवं कृषि प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित

  कोरापुट के किसान उद्यमी, प्रगतिशील और मेहनती हैं : कुलपति भुवनेश्वर। ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय …