-
संबलपुर में होगा मुख्यालय
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने बौध जिले के कंटामाल की प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) एवं ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) की अधिकारी सामी रेड्डी जयश्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 6 नवंबर, 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया।
आदेश के अनुसार, अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू किए जाने पर विचार किया जा रहा है। राज्यपाल की ओर से ओडिशा सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 1962 के नियम 12(1)(ए) के तहत यह निलंबन आदेश जारी किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान जयश्री का मुख्यालय संबलपुर स्थित राजस्व संभागीय आयुक्त (उत्तरी संभाग) के कार्यालय में निर्धारित किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि आरडीसी (उत्तरी संभाग), संबलपुर की पूर्व अनुमति के बिना वे निर्धारित मुख्यालय नहीं छोड़ेंगी।
निलंबन अवधि में उन्हें ओडिशा सर्विस कोड के नियम 90 के तहत निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में अधिकारी के विरुद्ध प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्रवाई के कारणों अथवा आरोपों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
