Home / Odisha / ओडिशा के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 318 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ीं

ओडिशा के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 318 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ीं

  •   कुल संख्या 938 हुई

  •  पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहली बार शुरू होगी स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा

भुवनेश्वर। ओडिशा में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षण संस्थानों में 14 विभागों के तहत 318 अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही राज्य में पीजी मेडिकल सीटों की कुल संख्या 620 से बढ़कर 938 हो गई है।

इस निर्णय के तहत राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहली बार स्नातकोत्तर (पीजी) चिकित्सा पाठ्यक्रम शुरू होंगे। इनमें केन्दुझर, सुंदरगढ़, कोरापुट, तालचेर और फूलबाणी के सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इससे इन क्षेत्रों में उच्च चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ-साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता भी बढ़ने की उम्मीद है।

अब तक ओडिशा में कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज, बुर्ला स्थित विम्सार, बलांगीर स्थित भीम भोई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बालेश्वर स्थित फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा बारीपदा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज में पीजी चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध थी। इसके अलावा आचार्य हरिहर स्नातकोत्तर कैंसर संस्थान और भुवनेश्वर के पीजीआईएमईआर एवं कैपिटल अस्पताल में भी पीजी पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं।

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की मंजूरी के अनुसार, केन्दुझर स्थित धरनीधर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 10 विभागों में 44 पीजी सीटें स्वीकृत की गई हैं। इसी तरह सुंदरगढ़ सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को आठ विभागों में 22 सीटें, कोरापुट के शहीद लक्ष्मण नायक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को नौ विभागों में 28 सीटें, तालचेर के पवित्र मोहन प्रधान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 10 विभागों में 32 सीटें तथा फूलबाणी के स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को आठ विभागों में 27 सीटें मिली हैं।

इसके अलावा बारिपदा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पीजी सीटों की संख्या 20 से बढ़ाकर 53 कर दी गई है। बलांगीर के भीम भोई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में यह संख्या 10 से बढ़कर 54 तथा बालेश्वर के फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आठ से बढ़कर 54 हो गई है।

अन्य संस्थानों में भी सीटों की वृद्धि

अन्य संस्थानों में भी सीटों की वृद्धि की गई है। भुवनेश्वर स्थित पीजीआईएमईआर एवं कैपिटल अस्पताल में 11, कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 17, आचार्य हरिहर स्नातकोत्तर कैंसर संस्थान में तीन तथा बुर्ला स्थित वीआईएमएसएआर में 11 अतिरिक्त पीजी सीटों को मंजूरी दी गई है।

14 चिकित्सा विषयों में बढ़ेंगी सीटें

एनएमसी की मंजूरी के तहत 14 चिकित्सा विषयों में अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। इनमें एनाटॉमी, एनेस्थीसियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, कम्युनिटी मेडिसिन, ईएनटी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, साइकियाट्री और रेस्पिरेटरी मेडिसिन शामिल हैं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी : स्वास्थ्य मंत्री

इस उपलब्धि पर राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में ओडिशा के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि पीजी मेडिकल सीटों की संख्या 620 से बढ़कर 938 होना केवल चिकित्सा शिक्षा का विस्तार नहीं है, बल्कि राज्य में अधिक संख्या में कुशल एवं विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के कारण केन्दुझर, सुंदरगढ़, कोरापुट, तालचेर और फूलबाणी जैसे क्षेत्रों में पहली बार पीजी चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध होंगे। इससे क्षेत्रीय असमानता कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण को मजबूती मिलेगी।

चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी

डॉ महालिंग के अनुसार, इस विस्तार से चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा मेडिकल विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर खुलेंगे। इसके साथ ही राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी और आम लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Share this news

About desk

Check Also

बोरीगुमा में सरसों और तोरिया बीज वितरण एवं कृषि प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित

  कोरापुट के किसान उद्यमी, प्रगतिशील और मेहनती हैं : कुलपति भुवनेश्वर। ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय …