-
ओडिशा में अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
-
गजपति में सर्वाधिक 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज, सुंदरगढ़ में घना कोहरा
-
झारसुगुड़ा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड
भुवनेश्वर। ओडिशा में मौसम का मिजाज बदल रहा है। राज्य के कुछ दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि उत्तर ओडिशा के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा। उत्तर आंतरिक ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, गजपति जिले में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हुई, जबकि पुरी, गजपति, गंजाम, कोरापुट और कंधमाल जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा गजपति जिले के आर उदयगिरि में 2 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पुरी जिले के कृष्णप्रसाद और गजपति जिले के गुम्मा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
झारसुगुड़ा रहा सबसे ठंडा
न्यूनतम तापमान में उत्तर आंतरिक ओडिशा के कुछ स्थानों पर उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तापमान में लगभग 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई, जबकि कई स्थानों पर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद आंतरिक ओडिशा के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
राज्य के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान झारसुगुड़ा में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान पारलाखेमुंडी और खुर्दा में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
12 नवंबर तक इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि, गजपति और गंजाम जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
8 से 10 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 10 नवंबर की सुबह से बालेश्वर, केंदुझर और मयूरभंज जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
11 नवंबर को बालेश्वर, भद्रक, केंदुझर और मयूरभंज जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, 12 नवंबर को बालेश्वर और मयूरभंज जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 13 नवंबर को पूरे ओडिशा में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 17 नवंबर के बीच राज्य में मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
