-
बीजद-कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भगवा खेमे में
-
सर्किट हाउस में हुआ मिलन समारोह
-
मंत्री गोकुलानंद मल्लिक और विधायक रघुराम माछ ने किया स्वागत
भुवनेश्वर। कोरापुट में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। बीजद और कांग्रेस से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर इन कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की बात कही गई।
कोरापुट सर्किट हाउस में आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। राज्य के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास तथा एमएसएमई मंत्री गोकुलानंद मल्लिक, स्थानीय विधायक रघुराम सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया। मंत्री मल्लिक ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
नए चेहरों के साथ संगठन को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने कहा कि विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं का भाजपा से जुड़ना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के आने से कोरापुट में पार्टी का संगठनात्मक आधार और मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्थानीय संगठन में उत्साह का माहौल
कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से पार्टी के स्थानीय संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने इसे कोरापुट में संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर भाजपा की सक्रियता बढ़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
