भुवनेश्वर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशन में आयोजित “रक्तदान कर्तव्यम 2026–27” के तहत देश-विदेश में लगभग 2,000 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी सेवा अभियान के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा 18 से 22 सितंबर 2026 के दौरान भुवनेश्वर के विभिन्न क्षेत्रों में चार दिवसीय रक्तदान अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत 19 सितंबर को IT Association of Odisha के सहयोग से EMPIRES होटल, शहीद नगर, 20 सितंबर को Twin City Electrical Traders Association एवं Ankura Hospital के सहयोग से बापूजी नगर, 21 सितंबर को XIM University, हरीराजपुर परिसर में NSS Cell के सहयोग से तथा 22 सितंबर को IMB Institute of Management, रसूलगढ़ के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
इन चारों रक्तदान शिविरों में कुल 250 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। सभी शिविरों में Indian Red Cross Society, Bhubaneswar की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगी स्टाफ द्वारा रक्त संग्रह की व्यवस्था की गई।
परिषद् अध्यक्ष श्री जितेंद्र बैद ने सभी शिविर आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा मानव सेवा के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिषद् के युवा सदस्य मानव सेवा के कार्यों में सदैव तत्परता के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
परिषद् मंत्री श्री सौरव बैताला ने अभियान के दौरान सभी व्यवस्थाओं का समन्वय किया, जबकि संयोजक श्री सिद्धार्थ चोरड़िया ने सभी शिविरों की समग्र व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा एवं रक्तदान शिविर निरंतर आयोजित होते रहने की मंगलकामना व्यक्त की।
रक्तदान कर्तव्यम 2026 को सफल बनाने में संयोजक सिद्धार्थ चोरड़िया, सह-संयोजक मोहित दूगड़, मंत्री सौरव बैताला, कोषाध्यक्ष दिलीप मुनोत सहित परिषद् के कार्यकारिणी सदस्यों एवं सभी स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
तेरापंथ युवक परिषद् भुवनेश्वर ने इस अभियान के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ “मानव सेवा ही सर्वोच्च सेवा” के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
