-
विष्णुदेव साय ने महानदी जल विवाद के जल्द समाधान की जताई उम्मीद
-
बोले-ओडिशा और छत्तीसगढ़ के रिश्ते राजनीति से कहीं आगे
पुरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को परिवार के साथ श्रीक्षेत्र पुरी पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और छत्तीसगढ़ की जनता की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या साय और बेटी स्मृति साय भी मौजूद रहीं। सिंहद्वार के पास पुरी के जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिडा तथा वरिष्ठ सेवायतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय ने श्रीमंदिर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के चतुर्धा विग्रह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मां बिमला, मां लक्ष्मी सहित मंदिर परिसर में स्थित अन्य पार्श्व देवताओं के भी दर्शन किए। दर्शन के बाद साय ने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन उनके लिए सौभाग्य और आशीर्वाद का अवसर है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की पुरी यात्रा ऐसे समय हुई है, जब वह अपने ओडिशा दौरे के दूसरे दिन महानदी जल बंटवारे के लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ बातचीत कर चुके हैं। साय ने कहा कि दोनों राज्यों की सरकारों के बीच इस विषय पर बातचीत जारी है और दोनों पक्षों ने केंद्रीय जल आयोग के निर्णय को स्वीकार करने पर सहमति जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महानदी जल विवाद का जल्द समाधान निकलेगा।
महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर केंद्र स्तर पर भी दोनों राज्यों के बीच संवाद का प्रयास जारी है। इससे पहले 30 जुलाई को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में नई दिल्ली में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें विवाद का सौहार्दपूर्ण और समयबद्ध समाधान निकालने पर चर्चा की गई थी।
मुख्यमंत्री साय ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के संबंध केवल राजनीतिक और प्रशासनिक नहीं हैं, बल्कि उनकी गहरी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक जड़ें हैं। पुरी में परिवार के साथ महाप्रभु के दर्शन और महानदी विवाद के समाधान की उम्मीद का संदेश देते हुए साय ने दोनों राज्यों के बीच बेहतर संबंधों और संवाद को रेखांकित किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
