भुवनेश्वर, ओडिशा के सात जिलों में बाढ़ की स्थिति से बड़ी संख्या में पशुधन प्रभावित हुआ है। मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए सरकार ने व्यापक कदम उठाए हैं।
मंत्री के अनुसार, भद्रक, जाजपुर, बालेश्वर, केंदुझर, जगतसिंहपुर, मयूरभंज और केंद्रापड़ा जिलों के कुल 88 प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन क्षेत्रों में 2,92,194 मवेशी और भैंस, 1,61,983 बकरियां एवं भेड़ तथा 44,459 मुर्गियां प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा 83,265 किसान भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के लिए 36 रैपिड रिस्पांस टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में 50 पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं।
इन शिविरों में पशुओं की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक टीकाकरण किया जा रहा है। सरकार ने पशुधन को बीमारियों से बचाने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत किया है।
मंत्री ने कहा कि राज्य में पशु चारे का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। प्रभावित जिलों में आवश्यकता के अनुसार चारा भेजा जा रहा है, ताकि बाढ़ के दौरान पशुपालकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य लगातार जारी हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
