Home / Odisha / ओडिशा के विकास में प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका अहम : अजय अग्रवाल

ओडिशा के विकास में प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका अहम : अजय अग्रवाल

  •     ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ में उद्योग, निवेश और सामाजिक सरोकारों पर मंथन

  •     सुभाष चंद्र भूरा ने अनुभव व विशेषज्ञता को ओडिशा के विकास से जोड़ने पर दिया जोर

भुवनेश्वर। ओडिशा के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास में प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका को और मजबूत करने की जरूरत है। प्रदेश में लंबे समय से रह रहे राजस्थानी समाज ने व्यापार, उद्योग, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस योगदान को व्यापक मंच प्रदान करने और ओडिशा की विकास यात्रा में प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजधानी भुवनेश्वर में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ का आयोजन किया गया।

इस मौके डॉ प्रदीप्त मोहंती, निवर्तमान चेयरमैन, सीआईआई, ओडिशा राज्य काउंसिल, चेयरमैन एसएनएम ग्रुप, राजस्थान फाउण्डेशन भुवनेश्वर चैप्टर के प्रेसिडेंट  अजय अग्रवाल, डॉ मनीषा अरोड़ा, स्पेशल सेक्रेट्री डोमेस्टिक एण्ड ओवरसीज राजस्थान अफेयर्स एंड आयुक्त राजस्थान फाउण्डेशन, सी चंद्रु मुख्य कार्पालक अधिकारी, वेदांत एल्यूमुनियम मेटल लिमिटेड, सुभाष चन्द्र भुरा, उद्योगपति एवं सामाजिक कार्यकर्ता, शिखर अग्रवाल एडिशनल चीफ सेक्रेट्ररी, उद्योग एंड डोरा तथा विशिष्ट अतिथि सुजीत कुमार सांसद राज्यसभा मंचस्थ रहे।

राजस्थान फाउंडेशन, भुवनेश्वर चैप्टर के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी समाज केवल अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिस प्रदेश में वह रहता है, उसके विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा ने राजस्थानी समाज को अवसर और सम्मान दिया है तथा अब समाज की जिम्मेदारी है कि अपनी पूंजी, व्यावसायिक अनुभव, विशेषज्ञता, संपर्क और उद्यमशीलता के माध्यम से ओडिशा की विकास प्रक्रिया को और गति दे। उन्होंने कहा कि उद्योग और निवेश के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन तथा सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी बढ़ाई जा सकती है।

उद्योगपति एवं समाजसेवी सुभाष चंद्र भुरा ने कहा कि ओडिशा में रहने वाले राजस्थानियों के पास व्यापार और उद्योग का लंबा अनुभव है। इस अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल राज्य में नए उद्योग स्थापित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और निवेश को प्रोत्साहित करने में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज की अगली पीढ़ी को भी ओडिशा की आर्थिक और सामाजिक विकास यात्रा से जोड़ना जरूरी है, ताकि समाज की ऊर्जा और प्रतिभा का लाभ प्रदेश को मिल सके।

कार्यक्रम में ओडिशा में उद्योग एवं निवेश की संभावनाओं, सरकारी नीतियों और विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई। राजस्थान सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के साथ राजस्थान पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। हालांकि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य ओडिशा में बसे प्रवासी राजस्थानियों को राज्य के औद्योगिक, व्यावसायिक और सामाजिक विकास से जोड़ने तथा उनके योगदान को एक संगठित दिशा देना रहा।

सी चंद्रा ने उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए, जबकि शिखर अग्रवाल ने ओडिशा में उद्योग और निवेश की संभावनाओं पर विचार रखे। राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने भी प्रवासी समाज की भूमिका और उसकी संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर ओडिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि राजस्थानी समाज की उद्यमशीलता, पूंजी, विशेषज्ञता और सामाजिक प्रतिबद्धता को ओडिशा की विकास आवश्यकताओं से जोड़कर राज्य में नए निवेश, रोजगार और सामाजिक पहल के लिए एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा सकता है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

चांद के पीछे छिपा शुक्र ग्रह

    चंद्रमा ने कुछ देर के लिए शुक्र को ढका     ओडिशा के …