Home / Odisha / ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन आंदोलन में बदलने का आह्वान

‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन आंदोलन में बदलने का आह्वान

  •   डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र बोले-सेवा से संकल्प, संकल्प से विकास और जनभागीदारी से बनेगा विकसित ओडिशा

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरित राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को ओडिशा में व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र ने अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प की वास्तविक भावना तभी साकार होगी, जब सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से आम लोगों को जोड़ा जाए और जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाए।

डॉ महापात्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन समर्पण, सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायक यात्रा है। इसी से प्रेरणा लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति और वर्ग को जनकल्याण में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता की सेवा, उनकी समस्याओं को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना राजनीति का मूल उद्देश्य होना चाहिए।

पंचायत स्तर तक पहुंचेगा अभियान

ओडिशा में अभियान को संगठनात्मक जिला, मंडल और बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है। इसके तहत समाज के सबसे वंचित और कमजोर वर्गों तक पहुंचने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आदिवासी समुदाय, महिलाएं, किसान, युवा, गरीब और जरूरतमंद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने तथा संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के तहत राज्यभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सामाजिक कल्याण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें केवल पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डॉ महापात्र ने कहा कि सेवा का कार्य कितना बड़ा है, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सेवा की भावना कितनी मजबूत है, यह अधिक मायने रखता है। कोई व्यक्ति रक्तदान करके, पौधा लगाकर, स्वच्छता अभियान में भाग लेकर, जरूरतमंद की मदद करके या किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करके भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

युवा और महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर

अभियान में युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। स्कूल और महाविद्यालय स्तर पर चित्रकला, भाषण और परिचर्चा जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विकसित भारत-2047, राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और युवा शक्ति जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। डॉ महापात्र ने कहा कि युवा केवल ओडिशा और भारत का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान में भी देश के विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं।

अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के कौशल विकास, गरीबों के कल्याण और आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों को मजबूत किया जाएगा।

सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

डॉ महापात्र ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक महीने तक चलने वाला कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सोच, जिम्मेदारी और दीर्घकालिक संकल्प है। सेवा के माध्यम से समृद्धि, संकल्प के माध्यम से विकास और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित ओडिशा का निर्माण इस अभियान का लक्ष्य है।

उन्होंने ओडिशा की जनता से अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सेवा का छोटा-सा प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। एक दिन का श्रमदान, एक यूनिट रक्तदान, एक पौधा लगाना, किसी जरूरतमंद की मदद करना या किसी वंचित व्यक्ति को उसके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना भी समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान बन सकता है।

डॉ महापात्र ने कहा कि सेवा को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर इसे जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है। समाज को सेवा से संकल्प, संकल्प से विकास और विकास से समृद्ध, सशक्त एवं विकसित ओडिशा की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …