-
चार सड़कें बंद, जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया
भुवनेश्वर। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को मालकानगिरी जिले में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और भारी बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया।
मंत्री पुजारी ने मलकानगिरी के जिलाधिकारी से बातचीत कर जिले की मौजूदा स्थिति, राहत कार्यों और प्रभावित क्षेत्रों में किए गए इंतजामों की जानकारी ली। जिले की चार सड़कों पर पानी बहने के कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
जिलाधिकारी ने मंत्री को बताया कि मार्ग बाधित होने के कारण फंसे वाहन चालकों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य दलों को भी सतर्क रखा गया है।
मंत्री पुजारी ने कहा कि मानसून के दौरान बार-बार जलमग्न होने वाली इन चार सड़कों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए राजस्व विभाग ने पिछले वर्ष ही धनराशि स्वीकृत कर दी थी। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आगामी मानसून के दौरान मलकानगिरी में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इस बीच, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता दिलीप राउत ने बताया कि दूसरे निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से मलकानगिरी जिला अपेक्षाकृत अधिक प्रभावित हुआ है। जिले के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है।
राउत के अनुसार, मालकानगिरी और चित्रकोंडा में 192-192 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि डाबुगाँ में 135 मिलीमीटर वर्षा हुई। बालिमेला बांध के आसपास 219 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
