-
सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर यात्रा में ओडिशा से 30 युवा होंगे शामिल
-
1,800 किलोमीटर लंबी यात्रा में ‘जल, जन और सेवा’ के तीन मंत्रों को दिया गया विशेष महत्व : अभिलाष पंडा
भुवनेश्वर। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल सबसे लंबे समय तक शासन व्यवस्था के प्रमुख के रूप में गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के पद को सुशोभित किया है, बल्कि उन्होंने सबसे अधिक लोगों के दिलों में भी विशेष स्थान बनाया है। उनका यह कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है।
इसी उद्देश्य से भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से एक महीने तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत भाजपा युवा मोर्चा के 30 कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पंडा के मार्गदर्शन में भुवनेश्वर से ट्रेन से वाराणसी जाएंगे और वहां से वडनगर के लिए यात्रा करेंगे। उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिडा ने इन युवकों को आज रवाना किया।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ओडिशा के विभिन्न जिलों से आए युवा इस 25 दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ देश के विकास के प्रत्यक्ष साक्षी बनेंगे। वे अपनी आंखों से देखेंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के 25 वर्षों में गुजरात से लेकर पूरे देश में किस प्रकार परिवर्तन आया है, लोगों की जीवनशैली में किस तरह बदलाव हुआ है, युवा कैसे आत्मनिर्भर बने हैं और विश्व में भारत किस प्रकार विकास के प्रमुख इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही वे विकसित भारत के निर्माण के लिए नया संकल्प लेकर लौटेंगे।
अमृत काल में यह यात्रा युवाओं के बीच नई आशा, उत्साह और अनुभव का संचार करने के साथ उन्हें एक अलग राजनीतिक दल के नेता के रूप में स्वयं को तैयार करने में भी सहायक होगी।
प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिलाष पंडा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इनमें युवाओं की वाराणसी से वडनगर तक की यात्रा प्रमुख है। लगभग 1,800 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में ‘जल, जन और सेवा’ के तीन मंत्रों को विशेष महत्व दिया गया है।
उन्होंने बताया कि ओडिशा से 30 युवाओं को इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है। युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव सौम्यरंजन नायक इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। भुवनेश्वर के लिंगराज महाप्रभु के दर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल वाराणसी के लिए रवाना हुआ।
यह यात्रा वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर से शुरू होकर गुजरात स्थित बाबा सोमनाथ मंदिर और गुजरात की धरती तक चलेगी। पंडा ने कहा कि यह यात्रा युवाओं के जीवन को नई दिशा देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए नई आशा और ऊर्जा का संचार करेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
