Home / National / आरएसएस ने राम मंदिर दानपेटी प्रकरण पर जताया दुख

आरएसएस ने राम मंदिर दानपेटी प्रकरण पर जताया दुख

  •  भविष्य में ऐसी घटना रोकने की अपेक्षा

  •  बेलगावी में संघ की अखिल भारतीय प्रान्त प्रचारक बैठक संपन्न

  •  जनगणना, नशामुक्ति और शाखा विस्तार पर मंथन

  •  मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले सहित 226 कार्यकर्ता शामिल

बेलगावी (कर्नाटक)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय प्रान्त प्रचारक बैठक शनिवार को कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हो गई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से 226 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
83 संघ शिक्षा वर्गों की हुई समीक्षा
बैठक में मार्च 2026 के बाद विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस वर्ष देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित हुए, जिनमें कुल 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, संघ कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुम्ब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे।
शाखाओं के स्तर पर कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सितम्बर माह में अधिकतम शाखा विस्तार अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
शताब्दी वर्ष और सामाजिक सक्रियता पर जोर
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से संपर्क में आए लोगों को सामाजिक कार्यों और ‘पंच परिवर्तन’ के विषयों में सक्रिय करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा सरसंघचालक मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रम पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जनगणना और जनसांख्यिकीय असंतुलन पर चर्चा
बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई। इनमें जनगणना और जनसांख्यिकीय असंतुलन से उत्पन्न चुनौतियां प्रमुख रहीं।
संघ ने ड्रग्स के बढ़ते दुष्प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए नशामुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की योजना पर भी चर्चा हुई।
राम मंदिर दानपेटी प्रकरण पर जताया दुख
बैठक में श्री रामजन्मभूमि मंदिर की दानपेटी में चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित अनियमितता की घटना पर सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया। संघ ने विश्वास जताया कि तीर्थक्षेत्र न्यास के अनुरोध पर चल रही एसआईटी और पुलिस जांच निर्णायक परिणाम तक पहुंचेगी।
संघ ने तीर्थक्षेत्र न्यास से अपेक्षा की कि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो जिससे राम भक्तों की श्रद्धा और आस्था को आघात पहुंचे। बैठक की जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने दी।

Share this news

About desk

Check Also

एएसआरएचएमसी ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

ताडेपल्लीगुडेम, एएसआरएचएमसी ने आज अपने कैंपस में 80वां स्वतंत्रता दिवस शानदार तरीके से मनाया, जिसमें …