-
जनजीवन सामान्य करने के प्रयास जारी
-
यातायात व्यवस्था में सुधार
-
आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बढ़ाई गई
-
पेयजल के लिए 30-35 टैंकर तैनात करने की तैयारी
भुवनेश्वर। समुद्री चक्रवात अर्णव के बाद उत्पन्न व्यवधानों से प्रभावित ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज कर दिया गया है। प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं। गंजाम के जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कीर्ति वासन वी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी के अनुसार, क्षेत्र में यातायात की समस्या को काफी हद तक दूर कर लिया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को हटाकर दूसरी जगह भेजने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम से राहत सामग्री के वितरण के लिए 20 ऑटो और 10 ट्रैक्टर लगाए गए हैं। यातायात व्यवस्था में आंशिक सुधार हुआ है और स्थिति में और बेहतर बदलाव देखने को मिला। अधिकांश बसों का परिचालन भी शुरू हो चुका है। शेष बसों का संचालन भी जल्द सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए 35 टैंकरों की व्यवस्था
प्रशासन ने प्रभावित लोगों तक पेयजल पहुंचाने के लिए आपूर्ति व्यवस्था का विस्तार किया है। जिलाधिकारी के अनुसार, पेयजल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है तथा पानी की बोतलें वितरित की जा रही हैं।
शनिवार को इस व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 30 से 35 टैंकरों को तैनात करने की योजना बनाई गई है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की कमी न हो।
इसके अलावा, आस्का में अतिरिक्त लाइटें पहुंचाई गई हैं और उन्हें शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित किया गया है। स्थानीय एमआई के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि आवश्यक सेवाओं और राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
दिनभर वितरित किया जा रहा पका हुआ भोजन
प्रभावित लोगों की खाद्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से दिनभर पर्याप्त मात्रा में पका हुआ भोजन वितरित किया जा रहा है। राहत शिविरों और प्रभावित इलाकों में भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि शनिवार तक राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी आने से आस्का की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दिखाई देगा।
बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास
बिजली आपूर्ति को सामान्य बनाने के लिए भी युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली वितरण कंपनी टीपी साउथको (टीपीएसओडीएल) ने विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया है। बिजली व्यवस्था बहाल होने से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं के संचालन में भी मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव लगातार कर रहीं स्थिति की निगरानी
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग मुख्यमंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री, विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी), गंजाम जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के सचिवों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए हुए हैं। वह राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रही हैं और इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दे रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक अथवा कम से कम एक सप्ताह तक राहत एवं सहायता कार्य जारी रहेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति बढ़ाने, पका हुआ भोजन वितरित करने और अन्य पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
