-
गंजाम, गजपति और कंधमाल जिले सबसे अधिक प्रभावित
भुवनेश्वर। चक्रवात ‘अर्णव’ के बाद लगातार बारिश के कारण ओडिशा में हुए भूस्खलनों में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 अन्य लापता हैं। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश प्रभाकर पाटिल ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गंजाम, गजपति और कंधमाल जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
एसआरसी के अनुसार, कंधमाल जिले के राइकिया में भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। वहीं, गजपति जिले में पहले लापता बताए गए एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।
सबसे बड़ी त्रासदी गंजाम जिले के भंजनगर ब्लॉक के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित गिड़िपाबली गांव में हुई, जहां बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। घटना के समय वहां करीब 25 लोग मौजूद थे। शुरुआत में 13 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। इनमें से एक बुजुर्ग महिला तारावती प्रधान का पता लगा लिया गया है, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं।
लापता लोगों की तलाश के लिए अग्निशमन सेवा की तीन टीमों, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 160 से 170 कर्मियों को लगाया गया है।
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। लगातार बारिश और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
कंधमाल और गंजाम जिलों में भूस्खलन की घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने और लापता लोगों को जल्द खोजने की मांग उठ रही है।
सभी गांवों में सड़क संपर्क बहाल
फिलहाल बाढ़ की स्थिति केवल गंजाम जिले में बनी हुई है। रुषिकुल्या नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है । गंजाम के लगभग सभी गांवों में सड़क संपर्क बहाल कर दिया गया है। केवल एक गांव अभी भी बाहरी दुनिया से कटा हुआ है। वहां हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रभावित गांवों में राहत सामग्री और पका हुआ भोजन
सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री और पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। एसआरसी ने बताया कि गंजाम जिले के आस्का में शनिवार तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के 80 से 85 प्रतिशत बिजली ढांचे को बहाल किया जा चुका है।
गंजाम जिले में 367 राहत शिविर खोले गए
गंजाम जिले में 367 राहत शिविर खोले गए हैं, जहां बाढ़ से प्रभावित 1,05,622 लोगों को आश्रय दिया गया है। वहीं, गजपति जिले में 21,782 लोग प्रभावित हुए हैं और उनके लिए भोजन एवं आश्रय की व्यवस्था के तहत 340 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
