-
नवीन पटनायक ने केन्द्रापड़ा के पार्टी के नेताओं को दिया मंत्र
-
नवीन निवास में भी हुई अहम बैठक
-
संगठन मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
-
नेताओं ने एकजुट होकर फिर जीत का भरोसा दिलाया
भुवनेश्वर। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को केन्द्रापड़ा जिले के वरिष्ठ बीजद नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक से उनके आवास नवीन निवास में मुलाकात की। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा पंचायत चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वरिष्ठ नेता गणेश्वर बेहरा, पूर्व मंत्री अतनु सब्यसाची नायक, बीजद के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र, प्रताप केशरी देव, ध्रुव चरण साहू सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिले की राजनीतिक स्थिति पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान नेताओं ने नवीन पटनायक को केन्द्रापड़ा जिले की वर्तमान राजनीतिक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए जिला परिषद चुनाव में बीजद ने सभी सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत स्थिति साबित की है। नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने भी जिला अध्यक्ष अतनु सब्यसाची नायक के नेतृत्व में नवीन पटनायक से मुलाकात की।
अभी से शुरू करें पंचायत चुनाव की तैयारी – नवीन
सूत्रों के अनुसार, नवीन पटनायक ने हालिया चुनावी सफलता के लिए नेताओं को बधाई दी और स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत चुनाव की तैयारी अभी से पूरी ताकत के साथ शुरू कर दी जाए। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
केन्द्रापड़ा में कोई बीजद नहीं छोड़ रहा
बैठक के दौरान पार्टी छोड़ने की अटकलों को भी नेताओं ने खारिज कर दिया। नेताओं का कहना था कि वर्तमान समय में केन्द्रापड़ा में कोई भी प्रमुख नेता बीजद नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में केवल दो लोग पार्टी से अलग हुए थे, लेकिन अब सभी नेता नवीन पटनायक के नेतृत्व में एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
एक टीम बनकर फिर दिलाएंगे जीत
वरिष्ठ नेता गणेश्वर बेहरा ने कहा कि सभी नेता एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं और नवीन पटनायक के मार्गदर्शन में आगामी पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बीजद एक बार फिर शानदार जीत हासिल करेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, केन्द्रापड़ा जैसे महत्वपूर्ण तटीय जिले में पार्टी संगठन को मजबूत करने और विपक्ष की संभावित चुनौती का मुकाबला करने के लिए यह बैठक बीजद की रणनीतिक तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
