Home / Odisha / खेल मंत्री का राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश

खेल मंत्री का राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश

  •    राष्ट्रीय एकता दिवस पर युवाओं को किया संबोधित

भुवनेश्वर। ओडिशा के खेल एवं युवा सेवा विभाग की ओर से शनिवार को भुवनेश्वर स्थित कलिंग स्टेडियम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यबंशी सूरज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के विकास में सामूहिक योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सूरज ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा देश के एकीकरण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस और एकता मार्च का आयोजन किया जाता है। उन्होंने लोगों से सरदार पटेल के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेने तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सभी नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में विकसित ओडिशा 2036 और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत बनाने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इसके बाद आयोजित एकता मार्च में खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया, पूर्व विधायक एवं समाजसेवी प्रियदर्शी मिश्र, समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ गोलक महापात्र, जगन्नाथ प्रधान, सुदीप्त राय तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

स्वतंत्रता दिवस को ‘स्व-अधिकार दिवस’ के रूप में मनाया जाए : पद्मश्री बलिआ बाबा

    राष्ट्र के समक्ष अपने 12 प्रस्ताव रखे भुवनेश्वर। प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं समाज …