भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार बालेश्वर जिले के बालियापाल की सब-रजिस्ट्रार एवं ओडिशा राजस्व सेवा (ओआरएस) की परिवीक्षाधीन अधिकारी मनीषा मिश्रा की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बालेश्वर विजिलेंस डिवीजन के अधिकारियों ने 6 नवंबर को मिश्रा को अपने कार्यालय कक्ष में पानचरुखी गांव के शिकायतकर्ता ज्ञानरंजन पात्र से 7,000 रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ा था। आरोप है कि उन्होंने बिक्री विलेख (सेल डीड) के पंजीकरण एवं उसे जारी करने के एवज में उक्त राशि की मांग की थी।
इस मामले में बालेश्वर विजिलेंस थाना केस संख्या 26 दर्ज किया गया था। उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मिश्रा को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि मनीषा मिश्रा ने ओडिशा राजस्व सेवा भर्ती नियमावली, 2011 के तहत अपनी परिवीक्षा अवधि पूरी नहीं की थी। उन पर लगे आरोपों से संबंधित आचरण को गंभीर भ्रष्टाचार, घोर कदाचार एवं व्यक्तिगत अनैतिकता मानते हुए ओडिशा सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1959 के नियम-3 का उल्लंघन बताया गया है।
आदेश में कहा गया है कि सरकारी सेवा में उनकी निरंतरता जनहित के लिए अत्यंत प्रतिकूल होगी। इसे ध्यान में रखते हुए नियुक्ति प्राधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उनकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया है।
यह कार्रवाई ओडिशा राजस्व सेवा भर्ती नियमावली, 2011 के नियम 17(2) तथा ओडिशा राजस्व सेवा, समूह-बी (परिवीक्षा एवं विभागीय परीक्षा) नियमावली, 2016 के प्रावधानों के तहत की गई है।
यह आदेश राज्यपाल के आदेश से सरकार के अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
