-
नवनिर्वाचित विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति : डा मुकेश महालिंग
भुवनेश्वर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह 16 नवंबर को ओडिशा विधानसभा में पहली बार निर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित होने वाले ओरिएंटेशन कार्यक्रम में शामिल होंगे। संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने यह जानकारी दी।
मंत्री के अनुसार, एक दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन सत्र होंगे। पहले सत्र में उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि ओडिशा विधानसभा के इतिहास में यह दूसरा अवसर होगा, जब कोई उपराष्ट्रपति राज्य विधानसभा में आयोजित किसी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायकों को विधानसभा की विभिन्न समितियों के कामकाज और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। ओडिशा विधानसभा में कुल 35 समितियां हैं, जिनमें वित्तीय मामलों से संबंधित चार विशेष समितियां भी शामिल हैं।
महालिंग ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विधानसभा की समिति व्यवस्था को मजबूत करना और समितियों द्वारा लिए गए निर्णयों एवं की गई सिफारिशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
इसके अलावा विधायकों को वित्तीय एवं बजटीय मामलों की भी जानकारी दी जाएगी। इसमें सरकारी व्यय, व्यय अनुपात और बजट अनुमानों जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।
मंत्री ने विधानसभा की बैठकों की संख्या के मामले में ओडिशा की विशेषता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों की विधानसभाएं औसतन 22 से 23 दिनों तक चलती हैं, जबकि ओडिशा विधानसभा में तुलनात्मक रूप से अधिक दिनों तक कार्यवाही होती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
