Home / Odisha / ओडिशा-जापान के बीच स्टार्टअप और व्यावसायिक सहयोग को नई दिशा

ओडिशा-जापान के बीच स्टार्टअप और व्यावसायिक सहयोग को नई दिशा

  •     दो कंपनियों के बीच एमओयू

  •     स्टार्टअप के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा समझौता : गोकुलानंद मल्लिक

भुवनेश्वर। ओडिशा और जापान के बीच स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) तथा व्यावसायिक सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। जापान के टोटोरी प्रीफेक्चर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित ओ-हब (स्टार्टअप ओडिशा) का दौरा किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक साझेदारी, संस्थागत सहयोग तथा दोनों क्षेत्रों के बीच कारोबारी संबंधों को विस्तार देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर ओडिशा की स्टार्टअप कंपनी सस्टेनेबिलिटी लीडर्स ओडिशा प्राइवेट लिमिटेड और जापान के टोटोरी स्थित व्यावसायिक संस्था ऑनस्ट्रक्शन आईएनसी के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। गत 30 जुलाई को टोटोरी प्रतिनिधिमंडल के ओडिशा दौरे के दौरान हुई प्रारंभिक चर्चा और उसके बाद लगातार हुए संवाद के परिणामस्वरूप यह समझौता हुआ है। इसे दोनों क्षेत्रों के उद्यमों के बीच व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक उपस्थित थे। उन्होंने उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करने पर जोर दिया।

मीडिया से बातचीत में मंत्री मल्लिक ने कहा कि यह समझौता स्टार्टअप के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। ओडिशा के स्टार्टअप और उद्यमिता क्षेत्र को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

एमएसएमई विभाग की आयुक्त-सह-शासन सचिव एवं स्टार्टअप ओडिशा की अध्यक्ष रश्मिता पंडा ने राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी विकसित करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

जापानी प्रतिनिधिमंडल में टोटोरी प्रीफेक्चरल सरकार के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम विभाग के महानिदेशक तोरू सासाकी, सान-इन गोडो बैंक कंपनी लिमिटेड की निदेशक योशिओका तथा टोटोरी प्रीफेक्चरल इंडस्ट्रियल प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष काजुहिको इकेदा सहित जापान की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्टार्टअप ओडिशा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मृति रंजन प्रधान के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद जापानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपने विचार रखे। प्रतिनिधिमंडल ने स्टार्टअप शोकेस स्टॉल का भी अवलोकन किया तथा ओडिशा के स्टार्टअप द्वारा विकसित नवाचारपूर्ण उत्पादों, नई तकनीकों और उद्यमशीलता से जुड़ी पहलों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर ओडिशा के विभिन्न स्टार्टअप ने जापानी प्रतिनिधियों के समक्ष अपने उद्यमों, उत्पादों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया। इसके बाद ओडिशा के स्टार्टअप और टोटोरी प्रीफेक्चर की कंपनियों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकें आयोजित की गईं।

इन बैठकों में कृषि, निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), विनिर्माण, सतत विकास और स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावित व्यावसायिक साझेदारी, बाजार की संभावनाओं और आपसी सहयोग के अवसरों पर चर्चा हुई।

इस पहल से ओडिशा के स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने, वैश्विक स्तर पर व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने और जापानी कंपनियों के साथ साझेदारी विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। स्टार्टअप ओडिशा का उद्देश्य इस सहयोग के माध्यम से संस्थागत संपर्क को निरंतर मजबूत करना तथा राज्य के उभरते उद्यमों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में बनेगा निम्न दबाव क्षेत्र

    ओडिशा में मौसम का दोहरा मिजाज     कहीं कोहरा तो कहीं बारिश …