भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव और उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने मंगलवार को मिलेट दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नेताओं ने मिलेट्स (मोटे अनाज) के पोषण संबंधी गुणों, पारंपरिक खाद्य संस्कृति में उनके महत्व तथा किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में मिलेट (रागी) को ओडिशा का गौरव, राज्य के किसानों के परिश्रम का परिणाम तथा पारंपरिक खाद्य संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि मिलेट के प्रचार-प्रसार और इसके अधिकाधिक उपयोग के माध्यम से स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित ओडिशा का निर्माण किया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने भी मिलेट दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए पौष्टिक एवं जलवायु के अनुकूल मिलेट्स को दैनिक आहार में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खाद्य व्यवस्था में मोटे अनाज को विशेष स्थान देकर स्वस्थ समाज, किसानों के कल्याण और एक टिकाऊ पृथ्वी के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
सिंहदेव ने अपने एक अन्य संदेश में मिलेट को पोषण का समृद्ध स्रोत और भारत की पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस पौष्टिक अनाज को दैनिक भोजन में शामिल करने की अपील की।
वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि ओडिशा का पारंपरिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पौष्टिक अनाज मिलेट आज राज्य की विरासत और स्वास्थ्य की पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और ओडिशा मिलेट मिशन की सफलता के कारण मिलेट आज लोगों की दैनिक भोजन की थाली से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहचान बना रहा है।
नेताओं ने मिलेट्स के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने, किसानों की आजीविका मजबूत करने और ओडिशा की पारंपरिक खाद्य विरासत को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
