-
अगले 24 घंटे में कमजोर होने की संभावना
-
55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
-
झोंकों की गति 75 किमी प्रति घंटे तक पहुंची
-
अब आंध्र प्रदेश के अंदरूनी हिस्सों की ओर बढ़ रहा मौसम तंत्र
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप डिप्रेशन ने आंध्र प्रदेश के उत्तर तटीय क्षेत्र में कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम के पास तट पार कर लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 23 सितंबर की रात 11 बजे से 24 सितंबर की रात 1 बजे के बीच लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी हुई। तट पार करते समय मौसम तंत्र के साथ 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा के झोंकों की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
मौसम विभाग के अनुसार, तट पार करने के बाद डिप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। 24 सितंबर की सुबह 5.30 बजे तक पिछले छह घंटों के दौरान इसकी गति लगभग तीन किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
सुबह 5.30 बजे यह उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 18.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। उस समय यह कलिंगपट्टनम से लगभग 50 किलोमीटर पश्चिम, विशाखापट्टनम से 80 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 170 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।
आईएमडी के मुताबिक, मौसम तंत्र के अगले 12 घंटों तक डिप डिप्रेशन की तीव्रता बनाए रखते हुए प्रारंभ में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ेगा और अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
