भुवनेश्वर। ओडिशा में चालू खरीफ सीजन के दौरान सरकारी स्तर पर धान बेचने के लिए रिकॉर्ड 21,42,723 किसानों ने पंजीकरण कराया है। सहकारिता मंत्री प्रदीप बलसामंत ने सोमवोर को यह जानकारी दी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि धान बिक्री के लिए किसानों के पंजीकरण की समयसीमा अब आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही पंजीकरण के लिए अतिरिक्त सात दिन का समय दिया था।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक अपना पंजीकरण पूरा नहीं किया है, वे सोमवार रात 1 बजे तक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके बाद पंजीकरण की अवधि स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी।
सामंत ने बताया कि पिछले वर्ष धान बिक्री के लिए लगभग 19.67 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया था। इस वर्ष यह आंकड़ा 21 लाख को पार कर गया है, जो राज्य में अब तक का सर्वाधिक पंजीकरण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। साथ ही, मंत्री ने पंजीकरण के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा आंदोलन की चेतावनी पर भी सवाल उठाया।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सरकार राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रख रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ओडिशा में करीब 24,400 टन उर्वरक का भंडार उपलब्ध है। उर्वरक वितरण में लापरवाही बरतने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उल्लंघन की गंभीरता के आधार पर संबंधित डीलरों के लाइसेंस निलंबित करने से लेकर रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
