भुवनेश्वर, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के “सार संभाल परिषदों की” अभियान के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा रविवार, 23 अगस्त 2026 को तेरापंथ भवन, भुवनेश्वर में संगठन यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री विकास जी बोथरा, परिषद् प्रभारी श्री गौतम जी जैन, ओडिशा राज्य सहयोगी श्री अभिषेक जी जैन एवं ओडिशा नेत्रदान प्रभारी श्री चिराग जी सिंघी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। तेरापंथ युवक परिषद् भुवनेश्वर के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र जी बैद ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। परिषद् सलाहकार वीरेंद्र जी बेताला विवेक जी बेताला नीरज जी लालानी एवं उपाध्यक्ष विशाल जी दूगड़ द्वारा अतिथियों को जैन दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। परिषद् सदस्यों द्वारा विजय गीत का संगान किया गया तथा सभा मंत्री श्री वीरेन्द्र जी बेताला द्वारा श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कराया गया।
अध्यक्ष श्री जितेन्द्र जी बैद ने अपने स्वागत वक्तव्य में अतिथियों का हृदय से स्वागत करते हुए परिषद् द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा, संस्कार, संगठन एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। परिषद् मंत्री श्री सौरव जी बेताला ने परिषद् की अब तक की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के प्रतिनिधियों ने परिषद् के विभिन्न आयामों, संगठन की कार्यप्रणाली, सेवा गतिविधियों एवं आगामी अभियानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने सदस्यों को संगठन के उद्देश्यों से जोड़ते हुए सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद् भुवनेश्वर के गत कार्यकाल में आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव सहित विभिन्न सेवा कार्यों की विशेष रूप से सराहना की गई। रक्तदान के क्षेत्र में परिषद् द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों तथा समाजहित में निभाई गई सक्रिय भूमिका को प्रेरणादायी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान “नेत्रदान पखवाड़ा” एवं “रक्तदान कर्तव्यम् 3.0” के बैनर का विधिवत अनावरण किया गया। इन अभियानों के माध्यम से समाज में नेत्रदान एवं रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में परिषद् उपाध्यक्ष श्री मोहित जी दूगड़ ने सभी आगंतुक अतिथियों, पदाधिकारियों एवं परिषद् सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। सामूहिक मंगल पाठ के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
संगठन, सेवा एवं संस्कार के संकल्प के साथ आयोजित यह संगठन यात्रा तेरापंथ युवक परिषद् भुवनेश्वर के लिए प्रेरणादायी, मार्गदर्शक एवं ऊर्जावर्धक रही।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
