-
श्री हरिसत्संग समिति एवं एफटीएस महिला समिति का संयुक्त आयोजन
-
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ रुद्राभिषेक
-
श्रद्धालुओं ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
भुवनेश्वर। भगवान शिव की असीम कृपा और श्रद्धालुओं के उत्साहपूर्ण सहयोग से श्री हरिसत्संग समिति एवं एफटीएस महिला समिति, भुवनेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में तेरापंथ भवन में सामूहिक महारुद्राभिषेक का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान एवं मंगलमय मंत्रोच्चार के साथ हुआ। आचार्यगण के पावन सान्निध्य में भगवान भोलेनाथ का महारुद्राभिषेक संपन्न कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में यजमानों और श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा एवं आस्था के साथ भाग लिया। वैदिक ऋचाओं की गूंज और शिव आराधना ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
आयोजन के दौरान पूजा सामग्री, यजमानों के बैठने, प्रसाद एवं महाप्रसाद सहित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। श्रद्धालुओं ने आयोजन की भव्यता, आध्यात्मिक गरिमा और उत्कृष्ट प्रबंधन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।
समिति ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी यजमानों, श्रद्धालुओं, आचार्यगण, अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगकर्ताओं एवं समर्पित स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सेवा-भाव, समर्पण और सहयोग से ही यह धार्मिक आयोजन सफल और यादगार बन सका।
इस आयोजन की सफलता में श्री हरिसत्संग समिति के अध्यक्ष लालचंद मोहता तथा एफटीएस महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता अग्रवाल के नेतृत्व में सभी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह के समापन पर समिति ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारों पर सदैव बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और आध्यात्मिक उन्नति का वास हो।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

