Home / Odisha / आड़प मंडप में श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के होंगे दर्शन

आड़प मंडप में श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के होंगे दर्शन

  •     रथों पर निर्धारित नीतियां संपन्न

  •     सुरक्षित दर्शन के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध

पुरी। विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के क्रम में भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा अब श्रीगुंडिचा मंदिर के आड़प मंडप में भक्तों को दर्शन देंगे। शनिवार तड़के महाप्रभु एवं उनके दिव्य भाई-बहन की रथों पर भव्य मंगला आरती संपन्न हुई। इसके बाद रथों पर निर्धारित सभी नीतियां और धार्मिक अनुष्ठान विधिवत पूरे किए गए।

श्रीगुंडिचा मंदिर के समक्ष खड़े तीनों रथों पर विराजमान भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मंगला आरती के दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य माना। अब श्रद्धालु अड़प मंडप में विराजमान महाप्रभु के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

अड़प दर्शन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए ओडिशा पुलिस, अग्निशमन सेवा और सिविल डिफेंस की टीमें श्रीगुंडिचा मंदिर और उसके आसपास पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।

रथयात्रा के दौरान बड़दांड पर हुई दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) डॉ सत्यजीत नायक ने शनिवार तड़के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ श्रीगुंडिचा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सके।

खुफिया विभाग के अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रथों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का अनुमान है कि अड़प दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचेंगे, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

इधर, आगामी बाहुड़ा यात्रा की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। निर्धारित परंपरा के अनुसार भगवान के तीनों रथों में घोड़ों को जोड़ने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे वापसी यात्रा की तैयारियां आगे बढ़ गई हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …