भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने एक नव-नियुक्त सरकारी अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी अधिकारी भीमसेन टुडू, जो ओडिशा टैक्सेशन एंड अकाउंट्स सर्विस के प्रशिक्षु अधिकारी थे, को आपराधिक मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से हटाने का आदेश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में उन्हें किसी भी सरकारी सेवा के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, भीमसेन टुडू अपने इंडक्शन ट्रेनिंग के दौरान 4 जून 2026 से अनुपस्थित थे और उन्होंने मधुसूदन दास रीजनल अकादमी ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट में अंतिम परीक्षा में भी भाग नहीं लिया। इसी दौरान वे एक हत्या के मामले में बारंग पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए थे और वर्तमान में न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहने और गंभीर आपराधिक आरोपों के मद्देनजर नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त किया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सेवा में अनुशासन और कानून का पालन सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
