-
8 सदस्यीय टीम 4 नवंबर तक करेगी प्रभावित जिलों का दौरा
भुवनेश्वर। चक्रवात ‘अर्णव’ और उसके बाद आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए आठ सदस्यीय केंद्रीय टीम ओडिशा के दौरे पर है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव रविशंकर के नेतृत्व में आई यह टीम 4 नवंबर तक विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय टीम ने आज मंगलवार को गजपति दौरे पर थी और कल बुधवार को गंजाम जिले का दौरा करेगी। इस दौरान मुख्य सचिव और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी टीम के साथ मौजूद रहेंगे।
गंजाम में केंद्रीय टीम आस्का, हिंजिलिकाटु, दिग्गपहंडी और पुरुषोत्तमपुर सहित उन क्षेत्रों का दौरा करेगी, जहां बाढ़ से व्यापक नुकसान की सूचना मिली है। इस दौरान प्रभावित इलाकों की स्थिति और नुकसान की गंभीरता का आकलन किया जाएगा।
कृषि, सड़क, बिजली और जल संसाधनों को हुए नुकसान की होगी जांच
केंद्रीय टीम चक्रवात और बाढ़ से कृषि, बुनियादी ढांचे, सड़कों, बिजली आपूर्ति, जल संसाधनों और अन्य क्षेत्रों को हुए नुकसान का आकलन करेगी। इसके अलावा प्रभावित जिलों में जमीनी हालात, बचाव अभियान और प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।
केंद्रीय आकलन से पुनर्वास और पुनर्निर्माण में मिलेगी मदद
केंद्रीय टीम की रिपोर्ट से चक्रवात और बाढ़ से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक सहायता निर्धारित करने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस आकलन के आधार पर प्रभावित जिलों को राहत और पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक सहयोग मिल सकेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
