-
राजभाषा हिंदी के सरल एवं प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर
भुवनेश्वर। केन्द्रीय भंडारण निगम, क्षेत्रीय कार्यालय, गुवाहाटी/भुवनेश्वर में हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “मुख्य अतिथि” के रूप में विश्व हिंदी परिषद के अध्यक्ष एवं कवि विक्रमादित्य सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राकेश कुमार द्वारा मुख्य अतिथि का पारंपरिक उत्तरीय भेंट कर स्वागत किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के सरल एवं प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना था। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह ने कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज एवं सुबोध हिंदी के प्रयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन हिंदी ऐसी होनी चाहिए, जिसे प्रत्येक व्यक्ति आसानी से समझ सके और व्यवहार में ला सके। उनके व्यंग्यपूर्ण एवं प्रेमरस से ओत-प्रोत काव्य तथा मुक्तकों ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी काव्यात्मक प्रस्तुति ने कार्यशाला को विशेष रूप से रोचक एवं यादगार बना दिया।
हिंदी पखवाड़ा के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था जिसमें आनलाइन हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता में सिद्धार्थ रथ को प्रथम, मामलि मोहंती, द्वितीय, राहुल बिष्ट, तृतीय एवं राकेश कुमार, प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किये, वहीं चित्र अभिव्यक्ति प्रतियोगिता में ज्योतिष रंजन, प्रथम, मामली मोहंती, द्वितीय, अरुणोदय माजी, तृतीय एवं अर्पित मिश्र, प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किये।
कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय प्रबंधक सिद्धार्थ रथ ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया एवं अपने वक्तव्य में कहा कि ओड़िशा समुह ‘ग’ क्षेत्र में आता है, इसलिए हिंदी को जनमानस तक पहुंचाने के लिए इस तरह का कार्यक्रम समयांतराल पर किया जाना चाहिए।
अंत में इस कार्यक्रम की सूत्रधार रहीं सागरिका दत्ता, प्रबंधक (राजभाषा) ने मुख्य अतिथि सहित कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में जिन-जिन का योगदान रहा है उनके प्रति आभार व्यक्त किया एवं कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
