Home / Odisha / भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन में सीएम करेंगे ओडिशा का प्रतिनिधित्व

भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन में सीएम करेंगे ओडिशा का प्रतिनिधित्व

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी दिल्ली रवाना

  •     केंद्र से बाढ़ राहत के लिए अतिरिक्त सहायता मांगने की भी तैयारी

  •     उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव भी होंगे साथ

  •     दो दिवसीय दौरे में हरित ऊर्जा निवेश और राज्य की आपदा स्थिति पर होगी चर्चा

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य की भागीदारी मजबूत करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र से सहायता प्राप्त करने के उद्देश्य से आज शाम दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली रवाना हो गए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम छह बजे विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। इस दौरे के दौरान वे भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सम्मेलन में देश के प्रमुख नेता, ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और नीति-निर्माता शामिल होंगे। यहां भारत को टिकाऊ और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव भी होंगे। दोनों नेताओं की मौजूदगी से ओडिशा में स्वच्छ ऊर्जा ढांचे के विस्तार, हरित निवेश आकर्षित करने और बिजली व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के समावेश को लेकर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बाढ़ राहत के लिए केंद्र से मांगी जाएगी मदद

मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। राज्य के कई जिलों में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को लेकर भी केंद्र के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन प्रस्तुत कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और आधारभूत सुविधाओं की बहाली के लिए केंद्र से तत्काल वित्तीय एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह कर सकते हैं।

ऊर्जा विकास और आपदा राहत पर रहेगा जोर

दो दिवसीय दिल्ली दौरे से ओडिशा को एक ओर नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नए निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए केंद्रीय सहायता जुटाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य के दीर्घकालिक विकास और मौजूदा आपदा से उबरने के प्रयासों, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

ब्रह्मपुर में जलापूर्ति बहाल करने के प्रयास तेज

    प्रतिदिन 72 एमएलडी पानी की आपूर्ति     46 टैंकर तैनात, जनिबिल्ली इंटेक …