-
कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी : मुख्य सचिव
-
संवेदनशील क्षेत्रों से एहतियातन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
-
नियंत्रण कक्षों से स्थिति पर लगातार निगरानी
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का ओडिशा में अब तक कोई बड़ा प्रभाव देखने को नहीं मिला है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है, जबकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। यह जानकारी मुख्य सचिव अनु गर्ग ने दी। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और विभिन्न नियंत्रण कक्षों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्य सचिव ने विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी), जिला कलेक्टरों और अग्निशमन सेवा महानिदेशक के साथ चर्चा कर चक्रवात ‘मुरासु’ से निपटने की तैयारियों और मौजूदा स्थिति की समीक्षा की।
गंजाम और गजपति में राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी
मुख्य सचिव ने बताया कि पिछले चक्रवात ‘अर्णव’ और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित गंजाम तथा गजपति जिलों में राहत, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं की बहाली का काम जारी है। राज्य सरकार की ओर से घोषित राहत पैकेज का वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
वहीं, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान बारिश के कारण अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। मंगलवार सुबह मौसम की स्थिति को देखते हुए इन स्थानों पर बचाव अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
