-
दो घंटे तक कवियों ने हास्य और व्यंग्य की रचनाओं से श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
कटक। केंद्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई), कटक में हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भुवनेश्वर से आमंत्रित कवियों ने अपनी हास्य, व्यंग्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कवि सम्मेलन में प्रमुख रूप से किशन खंडेलवाल, डॉ दीपिका चौहान, राजेश तिवारी एवं अविनाश दास ने काव्य पाठ किया। लगभग दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को हंसने, सोचने और समसामयिक विषयों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सीआरआरआई के निदेशक सहित संस्थान के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आकाशवाणी के अवकाश प्राप्त अधिकारी सुरेंद्रनाथ सामल की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
इस अवसर पर सीआरआरआई के निदेशक ने सभी आमंत्रित कवियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। कवियों ने इस सम्मान के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।
कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों, वर्तमान परिस्थितियों और आम जनजीवन से जुड़े विषयों पर हास्य-व्यंग्य की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने तालियों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्थान के अधिकारियों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम व्यस्त कार्यजीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ साहित्य और समाज के बीच एक सुंदर सेतु का कार्य करते हैं। अंत में सभी कवियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
