-
मुनिश्री मोहजीत कुमार जी आदि ठाणा 3 के सान्निध्य में नवगठित कार्यकारिणी ने ली शपथ
भुवनेश्वर। तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर का शपथ ग्रहण समारोह आज मुनिश्री मोहजीत कुमार जी आदि ठाणा 3 के पावन सान्निध्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ मुनिश्री के मंगल उच्चारण एवं नमस्कार महामंत्र से हुआ। इसके पश्चात परिषद् सदस्यों द्वारा विजय गीत का संगान किया गया। पूर्व अध्यक्ष विवेक बेताला ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया। निवर्तमान अध्यक्ष रोशन पुगलिया ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेन्द्र बैद को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष जितेन्द्र बैद ने वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी, पदाधिकारियों एवं परामर्शक मंडल के नामों की घोषणा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जितेन्द्र बैद ने मुनिश्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी उपस्थितजनों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया। उन्होंने गत वर्ष परिषद् द्वारा सेवा, संस्कार एवं संगठन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों तथा अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा प्राप्त सम्मानों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ने युवाओं को सेवा, संस्कार एवं संगठन की भावना को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने अधिकाधिक युवाओं को परिषद् से जोड़कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की प्रेरणा प्रदान की।
इस अवसर पर तेरापंथ सभा मंत्री वीरेंद्र बेताला, तेरापंथ महिला मंडल मंत्री श्रीमती संतोष सेठिया तथा तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष बिपिन दूगड़ ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जीतेन्द्र बैद एवं नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
समारोह का कुशल संचालन परिषद् मंत्री सौरव बेताला ने किया। अंत में मुनिश्री के मंगलपाठ एवं जयघोष के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ। उपस्थित सभी श्रावकों ने मुनिश्री के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
