-
नवीन पटनायक के निर्देश पर पीड़ित परिवार और व्यापारियों से मिलेगी टीम
-
कानून-व्यवस्था पर उठाएगी सवाल
भुवनेश्वर। बालेश्वर जिले के रेमुणा क्षेत्र में व्यापारी एसके हमीद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद बीजू जनता दल (बीजद) ने सात सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया है। पार्टी ने इस घटना को लेकर जिले की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है।
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के निर्देश पर गठित सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही बालेश्वर का दौरा करेगा। टीम पीड़ित परिवार, स्थानीय व्यापारियों तथा बालेश्वर बाजार समिति के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी जुटाएगी और जमीनी स्थिति का आकलन करेगी।
सात नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
प्रतिनिधिमंडल में ज्योति प्रकाश पाणिग्राही, गौतमबुद्ध दास, लेखाश्री सामंतसिंघार, माधव धड़ा, स्वरूप कुमार दास, सुकांत कुमार नायक और जीवन प्रदीप दास को शामिल किया गया है। इस दल के समन्वयक ज्योति प्रकाश पाणिग्राही होंगे।
निष्पक्ष जांच और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करेगी बीजद
बीजद ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा जिले में बढ़ते अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग करेगा। पार्टी का कहना है कि लोगों का सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास बहाल करना आवश्यक है।
नवीन पटनायक को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
बीजद ने बताया कि तथ्यान्वेषी समिति अपने दौरे के बाद घटना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट और सुझाव तैयार कर पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक को सौंपेगी।
दिनदहाड़े हुई थी व्यापारी की हत्या
गौरतलब है कि गुरुवार को बालेश्वर जिले के रेमुणा थाना क्षेत्र के अरड़ बाजार में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने व्यापारी एसके हमीद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से स्थानीय व्यापारिक समुदाय में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
