-
महिला से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
-
पश्चिम बंगाल की महिला की शिकायत पर भरतपुर थाने की पुलिस ने की कार्रवाई
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में एक होटल के प्रबंधक को पश्चिम बंगाल की एक महिला से कथित रूप से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में आयुक्तालय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जयंत कुमार नायक के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला भरतपुर थाना क्षेत्र के जीए कॉलोनी स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी। घटना उस समय हुई, जब महिला की तबीयत खराब हो गई और उसने सहायता के लिए होटल के रिसेप्शन से संपर्क किया।
दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप
आरोप है कि होटल प्रबंधक जयंत कुमार नायक ने महिला की स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके कमरे में प्रवेश किया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और किसी तरह खुद को बचाने में सफल रही।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद महिला ने भरतपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी होटल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
