-
परिजनों पर चिकित्सक से मारपीट का आरोप
-
इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने किया विरोध
-
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
-
जहर सेवन के बाद गंभीर हालत में कराया गया था भर्ती
भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर में शनिवार को एक मरीज की मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक के साथ कथित रूप से मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, खुर्दा जिले के जानला क्षेत्र के ओगलापड़ा निवासी शिवशंकर बेहरा को कथित रूप से जहर सेवन के बाद गंभीर अवस्था में तीन दिन पहले एम्स में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मौत के बाद भड़का आक्रोश
मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनकी जान गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने अस्पताल कर्मियों का विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक चिकित्सक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर खंडगिरि थाना पुलिस तत्काल एम्स पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हंगामे और मारपीट में कथित रूप से शामिल कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
जांच शुरू, दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। खंडगिरि थाना प्रभारी ने कहा कि चिकित्सक पर हमले और अस्पताल में हिंसा की घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
