Home / Odisha / विदेशी साजिशों के एजेंडे को देश में लागू कर रही है कांग्रेस : सुधांशु त्रिवेदी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

विदेशी साजिशों के एजेंडे को देश में लागू कर रही है कांग्रेस : सुधांशु त्रिवेदी

  •     वैश्विक हैप्पीनेस इंडेक्स की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

  •     यूरोप के हालात का उल्लेख कर अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों पर उठाए सवाल

  •     राहुल गांधी के बयान पर किया तीखा कटाक्ष

  •     बोले- हैप्पीनेस इंडेक्स इतना ही सही है तो उन देशों में मांगों को लेकर सड़कों पर आक्रोश और आंदोलन क्यों?

  •     खड़गे के ‘बाप भी जाएगा’ बयान और मॉक पार्लियामेंट के आयोजन पर भी कांग्रेस को घेरा

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर देश की राजनीति को विदेशी एजेंडे के अनुरूप संचालित करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज देश के वास्तविक मुद्दों पर रचनात्मक बहस करने के बजाय विदेशी साजिशों और बाहरी एजेंडे को क्रियान्वित करने में लगी हुई है। वैश्विक हैप्पीनेस इंडेक्स से लेकर राहुल गांधी के बयानों, मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी और मॉक पार्लियामेंट के आयोजन तक, उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली पर कई सवाल खड़े किए।

अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में तथा संबंधित सवालों के जवाब में भाजपा प्रवक्ता ने यूरोप के कई देशों में जारी विरोध प्रदर्शनों और सामाजिक असंतोष का उल्लेख किया। उन्होंने ब्रिटेन, स्पेन, फ्रांस, इटली और बेल्जियम जैसे देशों का संदर्भ देते हुए कहा कि वहां भी लोग आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने खुशी सूचकांक और स्वतंत्रता सूचकांक जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन देशों को इन सूचकांकों में बेहतर स्थिति वाला बताया जाता रहा है, वहां भी आम नागरिक बुनियादी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि या तो यह सूचकांक के आंकडे झूठे थे या फिर जो आंदोलन हो रहे हैं, वे अंतरराष्ट्रीय षड़यंत्र का हिस्सा है और उसी षड़यंत्र का शिकार भारत को बनाने का प्रयास किया जा रहा है ।

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि देशवासियों को ऐसे घटनाक्रमों की गंभीरता समझनी चाहिए और राजनीतिक दुष्प्रचार तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने वाले प्रयासों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।

कांग्रेस की राजनीति में गंभीरता का अभाव

सोमवार को भुवनेश्वर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति गंभीरता का अभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी देश के भीतर ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है, जिनका इस्तेमाल भारत की छवि और प्रतिष्ठा को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।

राहुल गांधी के बयान पर कटाक्ष

राहुल गांधी के ‘कोई योजना नहीं है’ वाले बयान को लेकर भी भाजपा नेता ने कटाक्ष किया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की राजनीतिक सोच और दिशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के सामने महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं, लेकिन विपक्ष के पास विकास, अर्थव्यवस्था और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर कोई स्पष्ट दृष्टिकोण दिखाई नहीं देता। वह लगातार देश को गुमराह करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कई झूठे दावों को भी आंकड़ों के साथ गिनाया। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सकारात्मक राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करने के बजाय विरोध की राजनीति तक सीमित होती जा रही है।

विदेशी एजेंडे पर चलने का लगाया आरोप

सुधांशु त्रिवेदी ने अंत में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश के राजनीतिक विमर्श को विदेशी एजेंडे के अनुरूप प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक और तेजी से आगे बढ़ते देश में विपक्ष की भूमिका केवल विरोध करना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदार और रचनात्मक भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की राजनीति विदेशी एजेंडे के बजाय राष्ट्रीय हितों और जनता की आकांक्षाओं पर केंद्रित होनी चाहिए।

Share this news

About desk

Check Also

जीवीएचएस के विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू

    पर्यटन एवं आतिथ्य सेवा क्षेत्र में 68 विद्यार्थी ले रहे प्रशिक्षण भुवनेश्वर। ओडिशा …