-
नौकरी बहाली, स्थायी नियुक्ति और रोजगार सुरक्षा की मांग उठाई
-
ऑल ओडिशा स्वास्थ्य मित्र संघ के बैनर तले हुआ विरोध प्रदर्शन
भुवनेश्वर। अपनी सेवाओं की अचानक समाप्ति के विरोध में ओडिशा के सैकड़ों स्वास्थ्य मित्र सोमवार को राजधानी भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी में एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नौकरी बहाली, स्थायी नियुक्ति और रोजगार सुरक्षा की मांग उठाई।
ऑल ओडिशा स्वास्थ्य मित्र संघ के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य मित्र शामिल हुए। लगातार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। प्रदर्शन में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिनमें से कई अपने छोटे बच्चों के साथ धरना स्थल पर पहुंचीं।
स्वास्थ्य मित्रों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट और उचित कारण के सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभाव से छंटनी प्रक्रिया को रद्द करने और उनकी सेवाएं बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे केवल अपनी नौकरी बचाने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था में वर्षों से दिए गए योगदान को देखते हुए स्थायी नियुक्ति और दीर्घकालिक रोजगार सुरक्षा चाहते हैं। उन्होंने मौजूदा तृतीय-पक्ष आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त कर सभी स्वास्थ्य मित्रों को सीधे स्टेट हेल्थ एश्योरेंस सोसाइटी के अधीन समायोजित करने की भी मांग की।
संघ के अनुसार, वर्ष 2018 में नियुक्त किए गए करीब 1,000 स्वास्थ्य मित्रों को 29 मई को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन नोटिसों में उनकी सेवाएं समाप्त करने के पीछे कोई स्पष्ट, वैध या पारदर्शी कारण नहीं बताया गया, जिससे वे और उनके परिवार गहरे संकट में पड़ गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मरीजों को सहायता उपलब्ध कराने में स्वास्थ्य मित्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में सरकार को उनकी सेवाओं को समाप्त करने के बजाय उन्हें स्थायी रोजगार प्रदान करना चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
