Home / Odisha / पुलिस मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो लुटेरे घायल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

पुलिस मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो लुटेरे घायल

  •     गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

  •     तालचेर की स्वर्ण-रजत रिफाइनरी में लूट के बाद जंगल में घेराबंदी

  •     लूटा गया सामान और हथियार बरामद

अनुगोल। ओडिशा के अनुगोल जिले के हंडपा क्षेत्र में पुलिस ने एक त्वरित अभियान चलाकर स्वर्ण एवं रजत लूटकांड में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हंडपा थाना क्षेत्र के चुलियापुर जंगल के निकट अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

तालचेर की रिफाइनरी में की थी बड़ी लूट

जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एक दिन पहले तालचेर के हटटोटा स्थित बालाजी गोल्ड रिफाइनरी में हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह ने करीब 230 ग्राम सोना, 60 ग्राम स्वर्ण आभूषण और 700 ग्राम रजत आभूषण लूट लिये थे।

लूटपाट के दौरान बदमाशों ने रिफाइनरी के एक कर्मचारी का बंदूक की नोक पर अपहरण भी कर लिया था और उसे अपने साथ ले गए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही तालचेर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने चुलियापुर जंगल क्षेत्र में अपराधियों की घेराबंदी की, जहां दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई।

दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान महाराष्ट्र निवासी सचिन गाजगे और प्रकाश मडाने के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर उनके हथियार जब्त कर लिए और उपचार के लिए अनुगोल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मौके से गिरोह के अन्य दो सदस्यों राजेश मडाने और देवा प्रभाकर लोखंडे को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा सोना-चांदी, दो देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

हालांकि गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच जारी

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह का संबंध किसी बड़े अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क से तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …