-
लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की होगी लागत
बालेश्वर। बालेश्वर सदर विधानसभा क्षेत्र के श्रीरामपुर पंचायत में मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का शिलान्यास किया गया। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जाएगा।
श्रीरामपुर पंचायत के पुराण गांव में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक मानस कुमार दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बलबुद्धि आरडी रोड (पुराण शिव मंदिर) से चकुरी, क्षीरंग, काटुलडीहा होते हुए नीमा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास कर कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक दत्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हुई थी, जिसके पुनरुद्धार के लिए राज्य की भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से बेहतर ढंग से जोड़ने और आवागमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार तेजी से आधारभूत संरचना विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से भी परियोजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के कनिष्ठ अभियंता उपेन्द्र बेहरा सहित गंगाधर राउत, हरेंद्र प्रधान, शशिकांत मिश्र, कार्तिक प्रधान, अतुल राउत, सब्यसाची पाणि, उमाकांत प्रधान, विक्रम पाकल, उमाकांत दास, तपन बेहरा, अशोक बारिक, पूर्णचंद्र बारिक, मानस पात्र, गयाधर नायक एवं रंजीत सेठी समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शिलान्यास कार्यक्रम में श्रीरामपुर पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था के सुदृढ़ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
