-
मयूरभंज, भद्रक और बालेश्वर में ताबड़तोड़ छापेमारी
बालेश्वर। राज्य सरकार द्वारा गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मयूरभंज, भद्रक और बालेश्वर जिलों में पुलिस ने शनिवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी कर गो-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। विभिन्न स्थानों पर चलाए गए संयुक्त अभियान में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक दस्तावेज और भूमि संबंधी कागजात जब्त किए गए हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मयूरभंज जिले में पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली के निर्देश पर बेतनटी एसडीपीओ मिनती बिश्वाल के नेतृत्व में बैसिंगा, बड़साही, बेतनटी और मोरडा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो प्लाटून पुलिस बल के साथ बैसिंगा थाना क्षेत्र के कलमा पंचायत अंतर्गत गोविंदरायपुर और तालपदा गांवों में छापेमारी की। पुलिस ने लंबे समय से अवैध गो-तस्करी गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे कुछ व्यक्तियों के घरों की तलाशी लेकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा भूमि संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोविंदरायपुर गांव के आसिकुर रहमान उर्फ फकीर तथा तालपदा गांव के मलिक उस्तार उर्फ डॉक्टर और उनके परिजनों के घरों पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया था। मजिस्ट्रेट के रूप में बेतनटी के अतिरिक्त तहसीलदार ईश्वर चंद्र राणा तथा बड़साही तहसीलदार विश्वनाथ बिश्वाल भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी गोविंदरायपुर क्षेत्र में छापेमारी कर सैकड़ों मवेशियों को गो-तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया गया था।
वहीं भद्रक जिले में भी पुलिस ने गो-माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शुक्रवार देर रात छह अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। भद्रक टाउन थाना क्षेत्र के तीन और पुराना बाजार थाना क्षेत्र के तीन स्थानों पर पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान दो कथित गो-माफियाओं को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुराना बाजार क्षेत्र के जाहिद खान (19) तथा बुधवार हाट क्षेत्र के मुनु खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से नकदी, सोने के आभूषण, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। भद्रक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
इधर बालेश्वर जिले में भी शनिवार सुबह जलेश्वर, भोगराई, बस्ता, बालियापाल और कमरदा थाना क्षेत्रों में कथित गो-माफियाओं के ठिकानों पर छापेमारी की गई। जिला पुलिस की सात टीमों ने उत्तर बालेश्वर क्षेत्र के करीब दस स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक प्रत्युष दिवाकर ने बताया कि अभियान में साढ़े चार प्लाटून पुलिस बल को तैनात किया गया है और जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि गो-तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार के निर्देश पर गो-तस्करी और इससे जुड़े अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
