-
भीषण टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
-
चालक समेत दोनों सवारों की मौके पर ही गई जान
भवानीपाटना। कलाहांडी जिले के भवानीपाटना बाईपास मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार खड़े हाइवा ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि लग्जरी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा पंजीकरण संख्या वाली बीएमडब्ल्यू कार तेज गति से भवानीपटना बाईपास से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े हाइवा ट्रक के पिछले हिस्से से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
फायर सर्विस ने काटकर निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। कार को काटकर चालक और दूसरे सवार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान बलांगीर जिले के टिटिलागढ़ निवासी पिंटू बाग और कलाहांडी जिले के धर्मगढ़ क्षेत्र निवासी गौतम नायक के रूप में की है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
भवानीपाटना सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और सड़क पर खड़े ट्रक की स्थिति तथा अन्य परिस्थितियों ने दुर्घटना में क्या भूमिका निभाई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
