Home / Odisha / राज्यव्यापी आउटरीच अभियान शुरू करेगी सरकार

राज्यव्यापी आउटरीच अभियान शुरू करेगी सरकार

  •     राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर होंगे जनसंपर्क कार्यक्रम

  •     प्रदर्शनी, लाभार्थी सम्मेलन और विकास परियोजनाओं के भ्रमण का आयोजन

  •     मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा- सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस

भुवनेश्वर। ओडिशा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार व्यापक स्तर पर जनसंपर्क (आउटरीच) अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से सरकार अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को सीधे जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों को विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास करेगी। इसकी जानकारी मुख्य सचिव अनु गर्ग ने ओडिशा कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपने स्वागत भाषण में दी।

मुख्य सचिव ने बताया कि दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यभर में राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लाभार्थियों के अनुभवों को साझा करना तथा सरकार और नागरिकों के बीच संवाद को और मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विभिन्न स्तरों पर विशेष प्रदर्शनी (एग्जिबिशन) आयोजित की जाएगी, जिनमें सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास परियोजनाओं और दो वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन प्रदर्शनों के माध्यम से आम नागरिकों को यह जानकारी दी जाएगी कि विभिन्न योजनाओं का लाभ किस प्रकार लोगों तक पहुंचा है और भविष्य में सरकार की प्राथमिकताएं क्या होंगी।

अनु गर्ग ने बताया कि लाभार्थी सम्मेलन (बेनिफिशियरी मीट) भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोग अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा सामुदायिक कार्यक्रमों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाकर विकास में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए विशेष युवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग गतिविधियों की योजना बनाई गई है। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए महिला सशक्तिकरण आधारित कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने यह भी बताया कि राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर विकास परियोजनाओं के भ्रमण (एक्सकर्शन) की व्यवस्था की जाएगी। इन भ्रमणों के माध्यम से छात्र, युवा, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और अन्य नागरिक विभिन्न परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकेंगे तथा विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति को समझ पाएंगे। इससे लोगों में सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि आउटरीच कार्यक्रम केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह सरकार और जनता के बीच एक प्रभावी संवाद स्थापित करने का माध्यम भी बनेगा। इस पहल के जरिए लोगों के सुझाव, अपेक्षाओं और सहभागिता को भी महत्व दिया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

अनु गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता दे रही है। दो वर्षों के इस विशेष अवसर पर आयोजित होने वाला राज्यव्यापी आउटरीच अभियान इसी सोच का प्रतिबिंब है, जिसका उद्देश्य ओडिशा को समावेशी, सशक्त और विकासोन्मुख राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …