-
जिलों का दौरा करेंगे नवीन पटनायक
-
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर हुआ मंथन
भुवनेश्वर। आगामी पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों को ध्यान में रखते हुए बीजू जनता दल (बीजद) ने संगठन को नई ऊर्जा देने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर स्थित शंख भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, जिलों का दौरा करने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने का रोडमैप तैयार किया।
दो घंटे तक चली बंद कमरे में बैठक
करीब दो घंटे तक चली बंद कमरे की इस बैठक में नवीन पटनायक ने पार्टी नेताओं से व्यक्तिगत रूप से फीडबैक लिया और भविष्य की चुनावी रणनीति को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में पराजित हुए नेताओं से भी विस्तार से चर्चा कर चुनाव के दौरान सामने आई चुनौतियों को समझने का प्रयास किया।
संगठनात्मक ढांचा मजबूत बनाने पर विशेष जोर
बैठक में पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तैयारी, स्थानीय स्तर की समस्याओं की समीक्षा तथा संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी प्रमुख ने कहा कि राज्य में पिछले दो वर्षों में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और हत्या, दुष्कर्म, लूट तथा महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं से आम लोग भय के माहौल में जी रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने में देरी पर चिंता जताई
नवीन पटनायक ने राज्य की आर्थिक स्थिति और बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि बीजद सरकार के 24 वर्षों के शासनकाल में आपदा प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बुनियादी ढांचे और किसानों, महिलाओं व गरीबों के कल्याण के क्षेत्र में ओडिशा ने राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने नेताओं से इन उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
‘नारी अधिकार अभियान’ की सफलता की सराहना की
बैठक के दौरान नवीन पटनायक ने बीजद के ‘नारी अधिकार अभियान’ की सफलता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 120 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान में भीषण गर्मी के बावजूद हजारों महिलाओं की भागीदारी ने वर्तमान सरकार के प्रति जनता की नाराजगी का स्पष्ट संकेत दिया है। उनके अनुसार, इस व्यापक जनसमर्थन से यह संदेश मिला है कि राज्य में बदलाव की नई संभावनाएं उभर रही हैं।
संगठन को बूथ स्तर तक करेगी सक्रिय
बीजद नेतृत्व का मानना है कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाकर और जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाकर पार्टी आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
