Home / Odisha / देवस्नान पूर्णिमा को लेकर ओडिशा पुलिस अलर्ट

देवस्नान पूर्णिमा को लेकर ओडिशा पुलिस अलर्ट

  •     पुरी में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा

  •     डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया ने की उच्चस्तरीय बैठक

  •     भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

कटक। आगामी 29 जून को पुरी में आयोजित होने वाली देवस्नान पूर्णिमा के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर ओडिशा पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) योगेश बहादुर खुरानिया ने कटक स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में देवस्नान यात्रा और आगामी रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुव्यवस्थित रखने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की चूक से बचते हुए धार्मिक अनुष्ठानों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) सौमेंद्र कुमार प्रियदर्शी ने देवस्नान यात्रा के लिए तैयार की गई विस्तृत सुरक्षा एवं प्रबंधन योजना प्रस्तुत की। प्रशासन ने बताया कि आयोजन के दौरान 72 प्लाटून पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। इनके साथ छह पुलिस अधीक्षक/कमांडेंट, 17 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 42 डीएसपी, 94 निरीक्षक, 352 उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक, 53 हवलदार तथा 428 कांस्टेबल भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए स्नान मंडप तक स्वतंत्र बैरिकेडिंग व्यवस्था की जाएगी, जिससे भीड़ का सुव्यवस्थित संचालन हो सके। मंदिर परिसर और बैरिकेड वाले क्षेत्रों की निगरानी अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने और चोरी-झपटमारी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष क्रैक टीम, एंटी-स्नैचिंग स्क्वॉड और स्ट्राइकिंग फोर्स को भी तैनात रखा जाएगा।

बैठक में खुफिया, कानून-व्यवस्था, तटीय सुरक्षा, परिवहन और अपराध शाखा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया गया।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …