Home / Odisha / बाढ़ मौसम के दौरान जल संसाधन विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियों पर लगाई रोक
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

बाढ़ मौसम के दौरान जल संसाधन विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियों पर लगाई रोक

  •     24×7 कंट्रोल रूम होंगे संचालित

भुवनेश्वर। संभावित बाढ़ और मानसून संबंधी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए ओडिशा जल संसाधन विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी अधिकारी सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।

यह निर्णय जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बाढ़ से पूर्व तैयारी समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में बाढ़ प्रबंधन, नदी तटबंधों की सुरक्षा, जलाशयों के संचालन तथा जमीनी स्तर पर आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारियों को पूरे बाढ़ मौसम के दौरान सतर्क रहने और बाढ़, तटबंध टूटने, जलाशयों से जल छोड़ने तथा अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के लिए उपलब्ध रहने को कहा गया है।

साथ ही, फील्ड स्तर के अधिकारियों को जिला प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, पंचायती राज संस्थाओं तथा आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा उपकरण आपूर्तिकर्ताओं की अद्यतन संपर्क सूची तैयार रखने को भी कहा गया है।

बाढ़ के दौरान निगरानी और त्वरित निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करने के उद्देश्य से विभाग के सभी डिवीजनों, सर्किल कार्यालयों, मुख्य अभियंता कार्यालयों तथा राजीव भवन में 31 अक्टूबर तक 24 घंटे संचालित होने वाले फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। इन कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को हर समय उपलब्ध रहने का निर्देश दिया गया है।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को पिछले तीन वर्षों में चिन्हित तटबंध टूटने की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा जलाशयों के गेट संचालन से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने और बाढ़ प्रबंधन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …