-
सप्ताहांत तक मानसून की दस्तक की संभावना
-
आईएमडी ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया
-
तेज हवाओं, वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी
भुवनेश्वर। ओडिशा में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अनुमान लगाया गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस सप्ताहांत तक ओडिशा में प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून के ओडिशा सहित पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 11 जून को मयूरभंज, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
12 जून को केंदुझर, मयूरभंज, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि और गजपति जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
13 जून को नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा होने का अनुमान है।
कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
अगले 24 घंटों के लिए बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अनुगूल, ढेंकानाल, केंदुझर, मयूरभंज, बौध, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, सोनपुर, नुआपड़ा, बलांगीर, कलाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि, गजपति और गंजाम जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उमस से भी मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने बताया कि बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ के कुछ इलाकों में फिलहाल गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन मानसून के सक्रिय होने के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
दो दिन बाद घटेगा तापमान
भुवनेश्वर मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
