Home / Odisha / बीजद में शामिल होंगी सुजाता राउत पांडियन

बीजद में शामिल होंगी सुजाता राउत पांडियन

  •     मनमथ राउतराय के बयान से अटकलों को मिली हवा

  •     मिशन शक्ति में उनके योगदान का किया जिक्र

  •     कहा- उनकी एंट्री से पार्टी संगठन को मिलेगा बड़ा बल

भुवनेश्वर। पूर्व आईएएस अधिकारी सुजाता राउत पांडियन के बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल होने की अटकलों ने सोमवार को उस समय और जोर पकड़ लिया, जब पार्टी नेता मनमथ राउतराय ने उनके संभावित प्रवेश का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच सुजाता की लोकप्रियता काफी अधिक है और उनकी सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए मनमथ राउतराय ने कहा कि सुजाता राउत पांडियन के पास जमीनी स्तर पर कार्य करने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े राज्य के प्रमुख कार्यक्रम ‘मिशन शक्ति’ में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली परिणामोन्मुखी रही है और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

राउतराय ने उम्मीद जताई कि उनके बीजद में शामिल होने की चर्चाएं सच साबित होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लगभग 99 प्रतिशत कार्यकर्ता और नेता लंबे समय से उनके औपचारिक रूप से बीजद में आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उनके प्रवेश को लेकर काफी उत्साह है और इससे पार्टी का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस संबंध में कुछ स्तर पर चर्चाएं हुई हैं और उनके शामिल होने की संभावनाएं काफी प्रबल हैं।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सुजाता पार्टी में शामिल होती हैं तो उन्हें तत्काल कोई संगठनात्मक पद दिए जाने की संभावना नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें किसी के उत्तराधिकारी के रूप में भी प्रस्तुत नहीं किया जाएगा।

यह बयान ऐसे समय में आया है, जब 10 जून को बीजद की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक वर्ष 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पराजित उम्मीदवारों के साथ संवाद करेंगे। चुनावी झटके के बाद संगठन को मजबूत करने के प्रयासों के तहत इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि मार्च 2025 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने के बाद से ही सुजाता राउत पांडियन के राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले उनके पति और नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी वी.के. पांडियन ने भी 2023 में आईएएस सेवा से इस्तीफा देकर बीजद का दामन थामा था। हालांकि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजद की हार के बाद वी.के. पांडियन ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।

सामाजिक विकास और महिला सशक्तिकरण में छोड़ी गहरी छाप

उनकी सबसे बड़ी पहचान ‘मिशन शक्ति’ के नेतृत्व से जुड़ी रही। उनके कार्यकाल में इस कार्यक्रम का विस्तार करते हुए लगभग 70 लाख महिलाओं को इससे जोड़ा गया। स्वयं सहायता समूहों के लिए ऋण सुविधा को भी सात वर्षों में 500 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …