Home / Odisha / पत्नी और साले पर कांस्टेबल को जिंदा जलाने का आरोप
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

पत्नी और साले पर कांस्टेबल को जिंदा जलाने का आरोप

  •    75 प्रतिशत तक झुलसा पुलिसकर्मी

  •     गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर रेफर

  •     हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

ब्रह्मपुर। ओडिशा मोटर वाहन विभाग में छत्रपुर में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से झुलस गया है। घायल कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और साले ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में वह करीब 75 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, ब्रह्मपुर से एम्स भुवनेश्वर रेफर किया गया।

घायल की पहचान 31 वर्षीय आशुतोष मृदंगिया के रूप में हुई है। आशुतोष ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी संध्या नायक और उसके भाई ने मिलकर उसे आग के हवाले कर दिया। मामले में आशुतोष की मां ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास की शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने डॉक्टरों की मौजूदगी में अस्पताल में आशुतोष का बयान दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार आशुतोष और संध्या ने फरवरी 2025 में प्रेम विवाह किया था। हालांकि बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। संध्या ने पहले आशुतोष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद 18 मई को उसे गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था और घटना से तीन दिन पहले ही उसे जमानत मिली थी।

बताया जा रहा है कि रात में आशुतोष अपनी पत्नी के क्वार्टर पहुंचा था। कुछ देर बाद वह आग की लपटों में घिरा हुआ सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई दिया। जान बचाने के लिए वह हवलदार गोपाल नायक के घर में घुस गया। उसे बचाने के प्रयास में गोपाल नायक के हाथ भी झुलस गए।

घटना के बाद पुलिस और वैज्ञानिक टीम ने भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक नगर पुलिस क्वार्टर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। टीम ने मौके से ज्वलनशील सामग्री जब्त की है और विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवन विवेक एम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल कांस्टेबल का हालचाल जाना। आशुतोष की बहन की शिकायत के आधार पर टाउन थाना में मामला संख्या 247/26 दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …